शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि रक्तदान कर किसी व्यक्ति को जीवन का उपहार दिया जा सकता है। रक्तदान से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। शुक्रवार को खेडीकरमू स्थित पंजाब नेशनल बैंक के कार्यालय में स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सुरक्षित एवं स्वस्थ परंपरा है। रक्तदान से शरीर पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है, क्योंकि शीघ्र ही शरीर में नया रक्त बनकर तैयार हो जाता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या बीमारी का शिकार होने पर किसी भी व्यक्ति को रक्त की जरूरत होती है। ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रक्तदान से पुनीत कार्य कोई नहीं हो सकता है। क्योंकि इससे किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इस दौरान मंडलीय प्रबंधक आरएस राठौर, लीड बैंक मैनेजर हरपाल सिंह तोमर, योगेंद्र सिंह पंवार, दीपक राणा और नीरज कुमार आदि उपस्थित रहे।
16 को आएगी प्रश्न एवं संदर्भ समिति
शामली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति के सभापति वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में 16 अप्रैल की दोपहर दो बजे शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक होगी। बैठक में एक वर्ष के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली जाएगी।