शामली। जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अध्यापकों को नियम विरुद्ध वेतन वृद्धि देकर अनियमितता करने का आरोप लगाया गया है। एक व्यक्ति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत कर्ता गौरव शर्मा ने आरोप लगाया है कि बेसिक शिक्षा विभाग शामली ने जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 23 अध्यापकों को असंवैधानिक तरीके से वेतन वृद्धि दे दी है, जिससे शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार को राजस्व के रूप में हानि पहुंचाई गई है। गौरव का कहना है कि वेतन वृद्धि में वरिष्ठ अध्यापकों को कम वेतन मिलने और कनिष्ठ अध्यापक को ज्यादा वेतन मिलने का आधार दिया गया, जबकि उस आधार में अध्यापक की पदोन्नति गलत निर्धारित की गई है। आरोप है कि वेतन वृद्धि के नाम पर बेसिक शिक्षा विभाग ने गड़बड़ी की है, जिसकी जांच कराकर कार्रवाई होनी चाहिए। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर का कहना है कि वेतन वृद्धि नियमानुसार दी गई है, उसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है।