इंटर अंग्रेजी की परीक्षा में चकराए परीक्षार्थी
शामली। यूपी बोर्ड में इंटर अंग्रेजी के द्वितीय प्रश्नपत्र ने परीक्षार्थियों के होश उड़ा दिए। सभी छात्र-छात्राओं ने पेपर बड़ा ही कठिन बताया। परीक्षार्थियों का कहना है कि द्वितीय प्रश्नपत्र में पेपर कठिन आने के कारण अंक कम आने की उम्मीद है। इस कारण परीक्षार्थी काफी मायूस दिखाई दिए।
बुधवार को सुबह की पाली मेें इंटर में कॉमर्स व कला वर्ग में इंटर अंग्रेजी के द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। पेपर छूटने के बाद जब कुछ छात्र-छात्राओं से पेपर के कठिन व सरल के बारे में पूछा तो सभी परीक्षार्थियों ने पेपर बड़ा ही कठिन बताया। शहर के ब्रिगेडियर होशियार परीक्षा केंद्र पर छात्र अनुज व आजम ने बताया कि पेपर में हिंदी से अंग्रेजी व अंग्रेजी से हिंदी का अनुवाद बहुत ही कठिन थे। जिसमें वाक्य बहुत ही कठिन आए हुए थे। जिस कारण वह अच्छे से अनुवाद नहीं कर सके। छात्र कासिम व रोहित ने बताया कि पेपर में अनुवाद के साथ ही निबंध के विषय भी कठिन था। हमें स्कूलों में इन विषयों पर निबंध पढ़ाए ही नहीं थे। जबकि हिंदू कन्या कॉलेज और जैन कन्या कॉलेज के बाहर छात्रा जानवी व महिमा ने बताया कि उन्हें पेपर में लेटर लिखना बहुत ही कठिन लगा। पेपर काफी कठिन था। जिस कारण प्रथम प्रश्नपत्र के मुकाबले काफी कम अंक आने की उम्मीद है। जिस कारण अंको के प्रतिशत पर काफी प्रभाव पड़ेगा।
किसी भी केंद्र पर नहीं पकड़ा गया कोई नकलची
कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि दोनों पाली की परीक्षा में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। अंग्रेजी विषय की परीक्षा होने के चलते सभी सचल दलों का केंद्रों पर छापामारी रही। प्रत्येक कमरे में सचल दल ने तलाशी ली। सीसीटीवी व अन्य व्यवस्थाओं को भी चेक किया। सभी जगह शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित हुई।
हाईस्कूूल और इंटर में 388 ने छोड़ी परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को दोनों पाली में सभी केंद्रों पर 9647 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, जिसमेें 388 ने परीक्षा छोड़ दी और 9259 ने परीक्षा दी। सबसे ज्यादा परीक्षार्थी इंटर अंग्रेजी में 312 गैर हाजिर रहे। सुबह की पाली में हाईस्कूल में कंप्यूटर विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 756 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, जिनमें से 10 ने परीक्षा छोड़ी और 746 ने परीक्षा दी। इंटर अंग्रेजी में द्वितीय प्रश्नपत्र में 7179 पंजीकृत रहे। 6867 ने परीक्षा दी व 312 ने परीक्षा छोड़ी। इंटर कृषि में गणित तथा प्रारंभिक सांख्यिकी में 525 पंजीकृत रहे, 504 ने परीक्षा दी व 21 ने परीक्षा छोड़ी। द्वितीय पाली में इंटर विज्ञान में 133 पंजीकृत रहे, 129 ने परीक्षा दी व चार ने परीक्षा छोड़ी। शिक्षाशास्त्र में 699 पंजीकृत रहे, 663 ने परीक्षा दी और 36 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटर कृषि रसायन विज्ञान में 355 पंजीकृत रहे, 350 ने परीक्षा व 5 ने परीक्षा छोड़ दी।