शिविर में तीन लाख का बकाया वसूला
कांधला।
कस्बा एलम में शनिवार को विद्युत विभाग की टीम द्वारा कैंप लगाया गया। जेई ने बताया कि कैंप में विद्युत उपभोक्ता बकायेदारों से तीन लाख 52 हजार रुपये वसूल किए गए। इसके साथ ही कैंप में खराब बिलों की शिकायत लेकर पहुंचे 38 उपभोक्ताओं के बिलों को ठीक कराने का काम किया गया। 11 उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन दिए गए। कैंप के बाद टीम के लोगों ने कस्बा एलम में चेकिंग अभियान चलाया। इसमें 16 लोगों को बकाया होने के बाद पूर्व में काटे गए विद्युत कनेक्शनों को जोड़कर बिजली चलाते पाया गया। 34 नए मीटरों को उपभोक्ताओं के यहां पर लगाए गए। बिजली चोरी करने वाले 16 उपभोक्ताओं के खिलाफ जेई के द्वारा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
अखिलेश से मिले सोनी के परिजन
कांधला। शुक्रवार को गांव श्यामगढ़ी निवासी सोनी के परिजनों ने पूर्व मंत्री सुधाकर कश्यप के नेतृत्व में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात करते हुए परिवार को सुरक्षा दिलाए जाने के साथ ही अपनी कई मांगों को उनके सामने रखा। सोनी के चाचा सेठपाल ने बताया कहा कि वे अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी भयभीत है। सोनी के मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। इसके साथ उन्होंने कहा कि वे चाहते है कि जब तक उनके मुकदमे में सभी आरोपियों को जब तक सजा मिले, तब तक उन्हें पुलिस सुरक्षा दी जाए। इसके साथ ही परिवार को प्रदेश सरकार से आर्थिक मदद 25 लाख देने के साथ एक नौकरी भी दी जाए। इस दौरान उनके साथ में परिवार से सोनी की माता सत्यवीरी, भाई अमित, बहन काजल मौजूद रहे।