कांधला (शामली)। राजस्व विभाग की टीम ने गांव इस्लामपुर घसौली में ग्राम समाज की 10 बीघा भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। शनिवार को नायब तहसीदार कामेंद्र गुप्ता, लेखपाल विजय, ब्रजपाल, श्यामलाल पुलिस को साथ लेकर गांव में पहुंचे। टीम ने खाद के गड्ढे, खेल का मैदान, पशुचर भूमि, श्मशान और कब्रिस्तान की भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के सख्ती दिखाने पर विरोध करने वाले पीछे हट गए। अवैध कब्जा हटवाने के बाद नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि अगर दोबारा से अवैध कब्जा किया, तो कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस को दी झगड़े की झूठी सूचना
कांधला (शामली)। गांव गंगेरू के युवक ने पुलिस अधिकारियों को कॉल करके गांव में झगड़ा होने और तनाव व्याप्त होने की सूचना दे दी। इसके चलते सीओ कैराना राजेश तिवारी और कांधला थानाध्यक्ष ओपी चौधरी पुलिस बल साथ लेकर गांव में पहुंचे। ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली, लेकिन लोगों ने घटना होने से ही इंकार कर दिया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि जांच में मामला फर्जी पाया गया। झूठी सूचना देने वाले युवक का पता लगाया जा रहा है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।