बाबरी (शामली)। क्षेत्र में गांव बंतीखेड़ा से बाबरी मार्ग के निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण रुकवा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मानक के अनुरूप ही निर्माण होना चाहिए।
कई दिन से इस मार्ग के निर्माण का कार्य चल रहा है। बुधवार को भी ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री लगाने के आरोप पर हंगामा किया था। तब अवर अभियंता से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे में ठेकेदार ने घटिया सामग्री लगाकर सड़क का निर्माण करा दिया। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को इसका पता चला, तो मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और सड़क निर्माण का विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान योगेंद्र सिंह, कल्लू प्रधान, मुन्नू चौधरी, संदीप, रियाजुद्दीन, मेहरबान, साहिल, मंशा, जितेंद्र, योगेंद्र, राजेश, मुरसलीन, गय्यूर, नरेश और संजय आदि मौजूद रहे।