कांधला(शामली)।
शादी समारोह में आए मेहमानों की खाना खाने के बाद अचानक तबियत खराब होने से अफरातफरी मच गई। आननफानन में उनको कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के गांव नाला निवासी हारून की बारात कस्बे के मोहल्ला डंगडूरा निवासी सलीम के यहां पर पहुंची। कुछ मेहमान बरात में न पहुंचने के कारण गांव नाला में ही आगे की तैयारी करने के लिए रुक गए। दोपहर के समय हारून के परिवार के लोगों ने घर पर रुके मेहमानों के लिए चावल बना दिए। जिस खाने के बाद कुछ देर में ही मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी। चक्कर आने के साथ ही उल्टी होने लगी। जिससे परिवार के लोग घबरा गए और भगदड़ मच गई। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बागपत के कस्बा बड़ौत निवासी मनीषा 28 वर्ष, महक छह वर्ष, नूरनिशा 25 वर्ष, भूरी 32 वर्ष, गुलशन 21 वर्ष, रफीक 23 वर्ष को भर्ती कराया गया। मामले में चिकित्सा प्रभारी रमेश चंद्रा ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के चलते इन लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिन्हें उपचार देने के बाद उनकी हालत में सुधार आने पर छुट्टी दे दी गई है।