लो वोल्टेज, बिजली कटौती से लोग परेशान
ऊन। कस्बा ऊन और ब्लाक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लो वोल्टेज आने और अघोषित कटौती होने के कारण लोग परेशान हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत करा दिया, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण लो वोल्टेज आने से पंखे भी ठीक से नहीं चल रहे हैं तथा घरों में लगे इंवर्टर से बैटरी भी ठीक तरह चार्ज नहीं हो पा रही हैं। लोगों का कहना है कि खेतों में सिंचाई करने के लिए ट्रैक्टर और जेनरेटरों का प्रयोग करना पड़ रहा है। इससे किसानों पर खर्च का बोझ बढ़ रहा है।
बस स्टैंड से पकड़ा संदिग्ध युवक
ऊन। कस्बा ऊन में बस स्टैंड के पास दो अज्ञात काफी देर से मंडरा रहे थे। स्थानीय लोगों ने युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसी दौरान एक युवक तो मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस अपने साथ चौकी पर ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। लोगों ने बताया कि दोनों युवकों के पास नशीला पदार्थ भी था। आशंका है कि उक्त युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।