कैराना। राजस्व विभाग की टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव भूरा में पीएसी भवन के निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई साढ़े 25 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
पीएसी भवन निर्माण के लिए प्रशासन ने गांव भूरा में साढ़े 25 बीघा जमीन अधिग्रहित कर रखी है। पिछले कई माह से इस भूमि पर करीब 12 लोगों द्वारा अवैध कब्जे कर रखे थे। रविवार को डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर राजस्व कानूनगो हरबीर सिंह व कोतवाली प्रभारी पुलिस बल को साथ गांव भूरा में पहुंचे और पीएसी भवन की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान जमीन की पैमाईश कराकर एक जेसीबी व चार ट्रैक्टरों द्वारा जमीन के चारों और खोदाई कराकर पिलर लगाए गए। कानूनगो हरबीर सिंह ने बताया कि यह भूमि पीएसी पड़ाव के नाम से अभिलेखों में दर्ज है, जिस पर कुछ ग्रामीणों ने अवैैध कब्जा कर रखा था। इस दौरान किसी ग्रामीण ने विरोध नहीं किया और शांतिपूर्ण तरीके से भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया।