जिले में 23.91 प्रतिशत हुआ टीकाकरण
शामली। जिले में कोरोनारोधी वैक्सीन का टीकाकरण अभियान लक्ष्य के सापेक्ष 23.91 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। 4500 के लक्ष्य के सापेक्ष 1076 लोगों को वैक्सीन के टीके लगाए गए।
जिले में कोरोना के खिलाफ चल रहे अभियान में 29 बूथों पर टीकाकरण किया जा रहा है। इनमें रेलवे अस्पताल, कुड़ाना सीएचसी, पीएचसी बनत, पीएचसी लांक और पीएचसी सिलावर में कोवैक्सीन के टीके लगाए जा रहे हैं, जबकि जिला अस्पताल व सीएचसी शामली समेत 24 बूथों पर कोविशील्ड वैक्सीन के टीके लगाए गए। सभी 29 बूथों पर 4500 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिनमें 799 लोगों ने पहली डोज का टीका लगवाया, जबकि 277 लोगों को दूसरी डोज के टीक लगे हैं। कुल 1076 लोगों को टीके लगाए गए। इस तरह से जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 23.91 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 116 वॉयल खर्च हुई है।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के 142984 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें अब तक 57637 लोगों को पहली डोज का टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 40.31 प्रतिशत है। इस आयु वर्ग के 11254 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया है।