सॉफ्ट लोन की समय सीमा 15 दिन बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। गन्ना मंत्री सुरेश राणा के प्रयासों से सरकार ने चीनी मिलों के लिए सॉफ्ट लोन की समय सीमा 15 दिन बढ़ा दी है। इस लोन से मिले किसानों का पिछले सीजन का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कर सकती हैं।
कई चीनी मिलों पर पिछले पेराई सत्र का भी अरबों रुपयों गन्ना मूल्य बकाया है। शामली शुगर मिल पर भी 80 करोड़ बकाया है। गन्ना मंत्री सुरेश राणा के प्रयास से सरकार ने पिछले साल का बकाया चुकाने के लिए 10 दिसंबर तक चीनी मिलों के लिए सॉफ्ट लोन की व्यवस्था की थी, लेकिन शामली शुगर मिल इस अवधि में निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकी। इस कारण वह सुविधा से वंचित रह गई थी। शामली मिल पर किसानों का पिछले साल का 80 करोड़ बकाया है। बकाया भुगतान को लेकर किसानों ने 12 दिन तक मिल बंद कराई और मिल परिसर में धरना दिया था। इसके बाद अधिकारियों से वार्ता के बाद ध्ररना खत्म हुआ था। मिल ने 11 फरवरी तक पिछले सीजन का भुगतान करने का वादा किया था। डीसीओ अनिल भारती ने बताया कि गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने किसानों का जल्द भुगतान कराने के लिए सॉफ्ट लोन की अवधि 15 दिन और बढ़वा दी है, जिससे मिलों के लिए सॉफ्ट लोन के रास्ते खुल गए हैं। डीसीओ ने बताया कि अभी नोटिफिकेशन नहीं मिला है। वह भी जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके बाद शामली शुगर मिल के किसानों का पिछले सीजन का बकाया भुगतान जल्द होने के आसार बने हैं।