सरस्वती शिशु मंदिरों की मुजफ्फरनगर में हुई विभागीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दौरान शामली के सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा पायल ने लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अन्य खेलों में भी शामली के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय में लौटने पर छात्र छात्राओं का स्वागत किया गया।
सरस्वती विद्या मंदिर शामली के प्रधानाचार्य संजय सैनी ने बताया कि मुजफ्फरनगर के साकेत स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विभागीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना, शामली, लांक और कैराना स्थित स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शामली सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्रा पायल ने लंबी कूद में प्रथम, मीरा ने 100 मीटर दौड़, आस्था सैनी ने बैडमिंटन और आशीष ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अर्पित ने गोला फेंक व दक्ष ने बैडमिंटन में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय लौटने पर छात्र छात्राओं का स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधक चंचल गोयल, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार, अध्यक्ष चंद्रदेव ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान क्रीड़ा प्रमुख आचार्य अजेंद्र कुमार, सुधीर कुमार, सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, शिवकुमार धीमान, आशीष जैन, करुणकांत शर्मा, सतीश शर्मा, अनुज शर्मा और संजीव बालियान आदि मौजूद रहे।