शामली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने निजी स्कूलों की तानाशाही को लेकर जमकर हंगामा किया। फीस वृद्धि, किताब और यूनिफार्म के नाम पर अभिभावकों के किए जा रहे शोषण को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। विभाग संयोजक निविश कुमार ने बताया कि यूपी सरकार ने हाल में निजी स्कूलों को लेकर एक विधेयक पास किया है। जिसके अनुसार कोई भी स्कूल किसी छात्र से एक वर्ष में 20 हजार से ज्यादा फीस नहीं ले सकते और न ही किताबें एवं यूनिफार्म खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। इसके बाद भी जनपद के ज्यादातर स्कूल इसका पालन नहीं कर रहे है। उन्होंने जिलाधिकारी से विधेयक का पालन प्रभावी रुप से कराने की मांग की। वहीं, सभी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता भी स्कूलों की वेबसाइट पर प्रकाशित करने और बसों का शुल्क किलोमीटर के अनुसार लिए जाने की मांग की। इस दौरान मनीष कालखंडे, रीशू बंसल, नितिन, आकाश शर्मा, शुभम, सूर्य आदि शामिल रहे।