कांधला (शामली)। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने गांव गढ़ी श्याम में छात्रा सोनी के परिजनों से मुलाकात कर इंसाफ की लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही पीड़ित परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं होने की वजह से उन्होंने बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि गांव गढ़ी श्याम निवासी 12 वीं की छात्रा सोनी कश्यप की 13 दिसंबर को धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी। बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने अन्य नेताओं के साथ गांव गढ़ी श्याम पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। छात्रा के पिता बीरसैन घटना के बारे में बताते हुए जयंत चौधरी के सामने रो पड़े। जयंत चौधरी ने कहा कि घटना की जितनी निंदा की जाए, वह कम होगी। परिवार को धीरज बंधाते हुए उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही प्रदेश सरकार से परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दिलाने, परिवार की आजीविका के लिए कम से कम पांच बीघा जमीन का पट्टा दिलाने की मांग की। जयंत चौधरी ने परिवार के बाकी बच्चों की शिक्षा के बारे में पिता बीरसैन कश्यप से जानकारी ली, पिता ने गरीबी व हालात का हवाले देते हुए बच्चों की शिक्षा के लिए चिंता जताई। इस पर जयंत चौधरी ने बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का वादा किया। उन्होंने रालोद नेता डाक्टर विक्रांत जावला को अपना प्रतिनिधि बनाकर पीड़ित परिवार के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी। इस दौरान पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनीस कुरैशी, सुरेश सिंह, डाक्टर विक्रांत जावला, जावेद अख्त्तर, जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, ऋषिराज राझड, अनवार चौधरी, बिजेंद्र मलिक, राजन जावला, योगेश भभीसा, सोमपाल राठी, देवेंद्र तोमर, सुनील कुडाना, हरेंद्र ताना और उदयपाल आदि मौजूद रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
कांधला। बुधवार सुबह 11 बजे दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित होटल पर राष्ट्रीय रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का रालोद कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद काफिला कस्बे के बस स्टैंड पर पहुंचा। वहां जयंत चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान अरविंद पंवार, राकेश पंवार, पप्पू प्रधान, नीरज सिंह, सुधीर पूर्व प्रधान, महिपाल नाला, सहदेव नाला, दिनेश और मांगेराम एलम आदि मौजूद रहे।