कांधला रोड पर तेज गति से आ रही वैन व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वेन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे रेफर कर दिया। उसके शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिया।
रविवार की शाम को दरबार खुर्द रेतेवाला निवासी इनाम (25) बाईक द्वारा कैराना से कांधला जा रहा था। जैसे ही वह पुरानी चीनी मिल के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रही वैन ने इनाम की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वैन की टक्कर से बाइक के परखचे उड़ गए। बाइक सवार इनाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वैन चालक सुंदर निवासी ऊंचागांव घायल होकर वैन के अंदर ही फंस गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इनाम के शव का पंचनामा भर कर शव को पीएम के लिए भेजा व घायल वैन चालक सुंदर को सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों ने घायल सुंदर को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई।
किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप
कैराना। नगर निवासी एक युवक ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि एक माह पूर्व उसकी नाबालिग पुत्री का जन्मदिन था। उस दिन पड़ोसी तीन युवक आए तथा उसकी पत्नी को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। उसके बाद उसकी पुत्र को ले गए। आरोप है कि उसकी पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह उसकी बेटी घर पहुंची, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया, लेकिन कई दिनों से बेटी को गुमसुम देखकर परिजनों ने पूछा तो उसने सारी बात परिजनों को बता दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।