बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कस्बा कैराना स्थित मीट प्लांट को बंद कराने की मांग की है। कलक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी और कैराना में एसडीएम को इस बाबत ज्ञापन सौंपा गया।
शुक्रवार को बजरंग दल कार्यकर्ता इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपकर कहा कि कैराना में मीम एग्रो नाम से मीट प्लांट चल रहा है। पूर्व में प्रशासन ने मीट प्लांट बंद करा दिया था, लेकिन वह पुन: शुरु हो गया है। आरोप लगाया कि मीट प्लांट से पशुओं को खून बोरिंग करके जमीन में डाला जा रहा है, जिससे भूजल प्रदूषित हो रहा है। आसपास में भयंकर बीमारी फैलने का खतरा है। इसके अलावा क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। मीट प्लांट में गौवंश का कटान होने की आशंका भी जताई है। इस दौरान विवेक प्रेमी, विशाल निर्वाल, रवि कुमार, अरुण पारखी, रोहित चौधरी, सोनित निर्वाल, आशीष भारद्वाज और आकाश वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
उधर, कैराना प्रखंड संयोजक रोहित बजरंगी के नेतृत्व में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कैराना विजय प्रकाश तिवारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर मीट प्लांट को बंद कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अवैध रूप से चल रहे बूचड़खानों को बंद कराने के निर्देश दिए है, लेकिन कैराना में कांधला रोड स्थित मीट प्लांट दोबारा से चालू हो गया है। इसमें अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मीट प्लांट के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो अन्य संगठनों को साथ लेकर आंदोलन करेंगे।