फेयरवेल पार्टी में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं
कैराना(शामली)। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एमए अंग्रेजी द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया।
बृहस्पतिवार को कॉलेज के सेमिनार हाल में कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। आयोजक छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य, समस्त प्राध्यापक मंडल का चंदन तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम की रूपरेखा अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉटर नीतू त्यागी ने रखी। छात्रा आसमा ने ‘राधा तेरी चुनरी गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सदफ और गुलफशा ने गीत और गजल के माध्यम से कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया।
इस दौरान प्राचार्य डॉक्टर चमन लाल ने उच्च शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण अधिगम एवं समाज हित में युवा शक्ति के योगदान के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉक्टर एसआर रजक ने आयोजक छात्र-छात्राओं को बधाई दी। डॉक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने मधुर गीत सुनाकर छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। डॉक्टर अजय बाबू शर्मा ने विद्यालय की शिक्षा के वास्तविक महत्व और मनमोहक कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए बधाई दी। इस अवसर पर समस्त प्राध्यापक कार्यालय स्टाफ, एमए अंग्रेजी के समस्त छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में अदीना, महनूर, राहिला आदि का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शमा और पूजा ने संयुक्त रूप से किया।