लेखपालों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मांग पूरी नहीं होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे दी है। उन्होंने एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन दिया।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ शाखा कैराना के अध्यक्ष सूर्यदेव आर्य के नेतृत्व में लेखपालों ने तहसील में एकत्र होकर एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जुलाई 2018 में लेखपालों ने अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार ने लेखपालों से एक माह और फिर दो माह का समय मांगा था लेकिन, आज तक भी उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। लेखपालों की मांग है कि पेंशन, वेतन उच्चीकरण लेखपाल नियमावली में संशोधन लैपटॉप एवं स्मार्टफोन उपलब्ध कराने, क्रॉप कटिंग एवं कृषि गणना मानदेय वृद्धि, निर्वाचन कार्यों के लिए निर्वाचन का पदनाम सृजित कर एक माह का अतिरिक्त वेतन दिए जाने, आधारभूत सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराने, एसीपी विसंगति दूर करने, भत्तों में वृद्धि आदि कई मांग की। लेखपालों ने ज्ञापन में कहा कि आंदोलन स्थगन को छह माह का समय बीत चुका है, लेकिन उनकी सुनी नहीं जा रही है। 12 फरवरी को लेखपाल जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर बाइक रैली निकालेंगे। ज्ञापन में चेताया गया कि इसके बाद 19 फरवरी को प्रत्येक तहसील में लेखपाल यज्ञ करेंगे, जिसका मकसद सरकार का मांगों की ओर केंद्रित करना होगा। उन्होंने एलान कर दिया कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत लेखपाल मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन करेंगे, जिसमें निर्वाचन कार्यों का बहिष्कार भी शामिल होगा। ज्ञापन देने वालों में श्यामलाल सैनी, ओमपाल सिंह, सुरेंद्र दत्त शर्मा, भगत सिंह आदि लेखपाल मौजूद थे।