कुष्ठ रोग मुक्त जिला बनाने के लिए शपथ दिलाई
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर समर्पित कुष्ठ रोग मुक्त भारत की ओर बढ़ते कदम के तहत बुधवार से जिले में 15 दिवसीय स्पर्श जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। कलक्ट्रेट में डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने जिलास्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कुष्ठ मुक्त जिला बनाए रखने के लिए शपथ दिलाकर स्पर्श जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि 15 दिवसीय स्पर्श जागरूकता अभियान 13 जनवरी तक चलेगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर समर्पित कुष्ठ रोग मुक्त भारत की ओर बढ़ते कदम के तहत उन्होंने उपस्थित अधिकारी व कर्मचारी को कुष्ठ मुक्त जनपद बनाए जानेे के लिए शपथ दिलाते हुुए स्पर्श जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर डीएम द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान द्वारा एवं शहरी क्षेत्र में अध्यक्ष नगरपालिका परिषद वार्ड मेंबर द्वारा घोषणा पत्र पढ़ा गया। अभियान की अवधि में कविता, कठपुतली, कुष्ठ रोग पर नाटक, निबंध लेखन या एलएलईपी शुभांकर सपना के माध्यम से संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। डीएम अखिलेश कुमार ने बताया कि प्रदान की गई प्रश्नोत्तरी के आधार पर प्रश्न- उत्तर, समुदाय द्वारा यथा स्वेच्छक कुष्ठ रोगी से प्रभावित व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा। स्कूली बच्चों द्वारा महात्मा गांधी की भूमिका निभाई जाएगी। यह अभियान गांव के राजस्व अधिकारी लेखपाल, ग्राम सेविका, स्कूल शिक्षक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सक्रिय सहयोग से संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक की देखरेख में समस्त पैरा मेडिकल स्टाफ द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कुष्ठ अधिकारी, नोडल अधिकारी डॉक्टर केपी सिंह, एसीएमओ डॉक्टर सफल कुमार, डॉक्टर राजकुमार, डॉक्टर सुशील कुमार, डॉक्टर अशोक कुमार, डॉक्टर डीवी सिंह, कुष्ठ पर्यवेक्षक, अजय शर्मा जिला पंचायतराज अधिकारी अरुण अत्री, जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अनुुुराधा शर्मा, बीएसए गीता वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी साजिद अंसारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम आशुतोष श्रीवास्तव आदि ने हिस्सा लिया।
तीन दिवसीय जागरूकता शिविर चार फरवरी से
शामली। राजकीय फल संरक्षण केंद्र प्रभारी एसके सिरोही ने बताया कि महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत तीन दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण जागरूकता शिविर राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र शामली में चार फरवरी से लेकर छह फरवरी तक ग्राम लॉक में किया जाएगा। बेरोजगार युवक और युवतियों को स्वरोजगार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थी हाईस्कूल पास व आयु 20 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। प्रशिक्षण में पंजीकरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।