झांसी जनपद की पौध से हराभरा होगा थानाभवन क्षेत्र
थानाभवन। झांसी जनपद की पौध अब थानाभवन क्षेत्र को हराभरा बनाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ब्लाक की ओर से झांसी से विभिन्न प्रजातियों के करीब 40 हजार पौधे मंगवाए गए हैं, जिन्हें सचिवों व ग्राम पंचायतों के माध्यम से लगवाया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्य सरकार पहले से ही गंभीरता बनाए हुए हैं। इसी के चलते मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर राज्य में पौधरोपण अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। इस कड़ी में थानाभवन पुलिस जहां कस्बे में 1100 पौधे लगाएगी, वहीं ब्लाक की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर 40 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ब्लाक की ओर से तीन लाख 60 हजार रुपये की लागत से यह 40 हजार पौधे मंगवाए गए हैं। पूरे ब्लाक में अशोक, इमली, सरीफा, गुलमोहर, बकान, मोरपंख, नींबू, कचनार, शीशम, सागोन, अमरूद कुल 11 प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, नगर पंचायत की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कस्बे में दो हजार पौधे लगवाए जाएंगे।
किस जाति के कितने लगेंगे पौधों की सूची
प्रजाति----------कुल पौधे
अशोक-----------2000
इमली-----------1000
शरीफा-----------5000
गुलमोहर---------3600
बकान------------2000
मोरपंख----------2000
नींबू-------------10000
कचनार----------2000
शीशम------------2000
सागोन------------6000
अमरूद-----------4000