कब्जा हटाने के लिए चार दिन का समय
थानाभवन।
मुल्लापुर मार्ग पर भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बाद नायब तहसीलदार ने अवैध रूप से खोखा संचालित करने वाले कब्जाधारियों को हटाने के लिए चार दिन का समय दिया है। उक्त लोग जांच के दौरान अधिकारियों को भूमि से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
कस्बे के मुल्लापुर मार्ग स्थित 150 गज भूमि को लेकर मुल्लापुर गांव निवासी नेकपाल ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत में ग्रामीण ने कहा था कि मुल्लापुर मार्ग स्थित ये भूमि उसकी है। जबकि कुछ लोगों ने अवैध खोखा रखकर उस पर कब्जा कर रखा है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कब्जाधारियों को सात दिन के भीतर भूमि से संबंधित दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को नायब तहसीलदार दोबारा कस्बे पहुंचे। इस दौरान खोखाधारक भूमि से संबंधित कोई दस्तावेज अधिकारियों को नहीं दिखा पाए। इस पर नायब तहसीलदार ने निर्देश दिए कि उक्त लोग चार दिन के भीतर अपने खोखा हटा लें।