शामली। आरके इंटर कॉलेज में चल रहे यूपी बोर्ड मूल्यांकन कार्य का 11वां दिन रहा। अभी हाईस्कूल और इंटर की 34 हजार के लगभग कॉपियों का मूल्यांकन अधूरा है। वहीं हाईस्कूल के तीन विषय का अभी तक मूल्यांकन शिक्षकों की कमी के चलते अधूरा है। उप नियंत्रक का कहना है कि आज से इंटर के परीक्षकों को लगाकर कॉपियों का मूल्यांकन समय पूरा किया जाएगा।
यूपी बोर्ड के चल रहे मूल्यांकन कार्य के चार दिन शेष रह गए हैं। जबकि अभी हाईस्कूल में हिंदी, अंग्रेजी और इतिहास विषयों की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य शिक्षकों की कमी के चलते बाधित चल रहा है। यह दिक्कत मूल्यांकन कार्य के शुरू से ही चली आ रही है। अभी भी हाईस्कूल की लगभग 18 हजार कॉपियों का मूल्यांकन और इंटर का 16 हजार 382 कॉपियों का मूल्यांकन अधूरा है। मंगलवार को हाईस्कूल और इंटर की करीब 16 हजार ही कॉपियों का मूल्यांकन हुआ।
वहीं, उप नियंत्रक लोकेंद्र कुमार का कहना है कि इंटर की हिंदी और अंग्रेजी विषय की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। अब सभी इंटर के परीक्षकों को हाईस्कूल की कॉपियों के मूल्यांकन कार्य में लगाया जाएगा। जिसके चलते समय रहते शेष 34 हजार कॉपियों का मूल्यांकन कार्य भी समय के रहते पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ अनुपस्थित चल रहे परीक्षकों से मूल्यांकन कार्य करने और समय से पहले चले जाने वाले परीक्षकों से भी वार्ता कर समय के अनुसार ही मूल्यांकन केंद्र से समय पर ही जाने के लिए कहा जाएगा।