श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
शामली।
वीवी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
मंगलवार को शहर के वीवी इंटर कॉलेज में एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर का शुभारंभ कॉलेज प्रबंधक संजय संगल और प्रधानाचार्य एसके आर्य ने किया। कार्यक्रम के पहले सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डाक्टर अनुराग शर्मा ने छात्रों को श्रमदान के विषय में विस्तार से बताया। इसके साथ ही सभी स्वयंसेवकों को अनुशासन का भी महत्व समझाया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उप प्रधानाचार्य प्रदीप गोयल ने राष्ट्रीय सेवा योजना का महत्व समझाते हुए ऐसे कार्यक्रम में भाग लेकर समाजसेवा करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही सभी स्वयंसेवकों ने बालिका कॉलेज में पहुंचकर परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान रजनीश कुमार, अमरपाल, मनोज शर्मा, अर्जुन सिंह, दिनेश तोमर, संदीप मित्तल, राजीव, गौरव, रमेश आदि मौजूद रहे।