बेस्ट कैडेट चुनने के लिए अधिकारियों ने ली परीक्षा
शामली। वीवी इंटर कॉलेज में चल रहे दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में चौथे दिन बेस्ट कैडेट चुनने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कैडेट्स को निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और मैप रीडिंग और दिशाओं का ज्ञान कराया।
शहर के वीवी इंटर कॉलेज में चल रहे दस दिवसीय एनसीसी शिविर में बृहस्पतिवार को बेस्ट कैडेट के लिए चयन प्रक्रिया चली। जिसमें 35 बटालियन मोदीनगर से कमान अधिकारी आशीष, 36 बटालियन बुलंदशहर से कर्नल संदीप और 85 बटालियन शामली से कर्नल अनुपम सक्सेना ने कैडेट्स की परीक्षा ली। जिसमें उन्होंने ड्रिल, लिखित परीक्षा, साक्षात्कार एवं फायरिंग के आधार पर बेस्ट कैडेट का चयन किया। जिसमें कैडेट्स ने पूर्ण मनोयोग से प्रतिभाग किया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छ भारत के लिए मेरा योगदान विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। जिसमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं, लेफ्टिनेंट केपी सिंह के निर्देशन में कैडेट्स को मैप रीडिंग कराई, दिशा का ज्ञान कराया। इस दौरान एसपीएस मलिक, रजनीश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, मेजर भारत भूषण, दया किशन, सुनील कुमार, गजेंद्र सिंह, अमर सिंह, नम्रता सिंह, देशराज, किशोर, संजीव कुमार, रणवीर सिंह, योगेंद्र कुमार, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।