तहसीलदार ने कार्यभार ग्रहण किया
ऊन। तहसीलदार अवधेश शर्मा ने बुधवार को ऊन तहसील पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान तहसील कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। अवधेश शर्मा ने कहा कि तहसील कर्मियों को समस्याओं के समाधान कराने और तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण करने की जिम्मेदारी है। इस कार्य को सही ढंग से कराया जाएगा। इस दौरान तेजपाल गुर्जर, रवि सरोहा, मास्टर जगत सिंह, रामफल, सतपाल प्रधान, पप्पू नायक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
ऊन। तहसील ऊन क्षेत्र के गांव टोडा के लोगों ने एसडीएम ऊन दुष्यंत कुमार मौर्य से शिकायत कर ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के समर्थकों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया और स्कूल की जमीन पर फसल बुआई कर दी है। एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। शिकायत करने वालों में सतेंद्र, लोकेश, जोगेंद्र, दिनेश और मोनू आदि शामिल रहे।
शौचालय बनवाने के नाम पर ठगी
ऊन। राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन योजना के तहत ग्राम फूसगढ़ उर्फ आक्खापुर में शौचालयों के निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य से शिकायत कर कार्रवाई कराने की मांग की है। आरोप है कि पुराने शौचालयों पर पुताई कराकर उन्हें नई योजना में दर्शा दिया गया, जिससे योजना के नाम पर बंदरबांट भी हो रही हैं।