शामली। जनपद में छह महिलाओं समेत 20 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। उधर, कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव 10 लोगों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। अब जनपद में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 119 हो गई है।
बुधवार को जनपद में मेरठ मेडिकल से आई सैंपलों की रिपोर्ट में 20 नए केस कोरोना पॉजिटिव के आए हैं। इनमें सबसे अधिक नौ केस थानाभवन के मोहल्ला कानूनगोयान में मिले हैं। इनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। इसके बाद कांधला के मोहल्ला घोलानान में 13 वर्षीय किशोर समेत चार लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शामली शहर में मोहल्ला बरखंडी में एक महिला समेत दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। कैराना के गांव भूरा में तीन लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कस्बा झिंझाना में एक और इसी क्षेत्र के एक गांव का व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। इन सभी स्थानों पर स्वास्थ्य टीमों द्वारा 19 जुलाई को रैंडम सैंपल लिए थे।
सीएमओ डा. संजय भटनागर ने बताया कि बुुधवार को मेरठ मेडिकल से आई सैंपलों की रिपोर्ट में 20 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव 10 लोगों के ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 119 हो गई है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिले सभी लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है।