शामली। इस साल का पहला पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान 31 जनवरी से शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग ने दो लाख 52 हजार 104 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा है।
साल-2021 में पहले चरण का पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान 17 जनवरी से शुरू होना था, लेकिन 16 जनवरी को हुए कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन का कार्यक्रम होने के कारण पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान स्थगित कर दिया गया था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि अब पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान 31 जनवरी से शुरू होगा। इसके लिए पांच साल तक के दो लाख 52 हजार 104 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले दिन 31 जनवरी को जिले के 685 बूथ पर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। एक से पांच फरवरी तक 511 टीमें छूटे हुए बच्चों को डोर-टू-डोर पोलिया की दवा पिलाने का काम करेगी। इसके बाद भी जो बच्चे छूट जाते है तो उन्हें आठ फरवरी को बी टीम द्वारा दवा पिलाई जाएगी।
--
यह बनाई व्यवस्था
लक्ष्य : 252104 बच्चे
बूथ : 685
ट्रांजिट टीम : 37
डोर टू डोर के लिए : 511 टीम
मोबाइल टीम : 25