गड्ढा मुक्त होंगी जिले की 62 सड़कें
शामली। लोक निर्माण विभाग ने बारिश में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। जिले की 11 सड़कों की विशेष मरम्मत और 51 सड़कों पर पेंचवर्क के लिए प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा गया है। शासन से धनराशि जारी होने के बाद 15 अक्तूबर तक यह कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
जनपद शामली में दिल्ली- यमुनोत्री, मेरठ-करनाल मार्ग व पानीपत खटीमा मार्ग समेत कुल 438 सड़कें है। बरसात के दौरान ज्यादातर सड़कों में गड्ढे हो गए हैं, जिस कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। शासन ने खस्ताहाल सड़कों को गड्ढा मुक्त करने व मरम्मत के लिए निर्देश दिया। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने 51 सड़कों का पेंचवर्क कराने और 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह ने बताया कि सड़कों का पेंचवर्क, विशेष मरम्मत के लिए धनराशि की मांग की गई है। 11 सड़कों की विशेष मरम्मत पर 2,07,14,000 रुपये खर्च होंगे, जबकि 51 सड़कों के पेच वर्क पर 74,40,000 रुपये खर्च होंगे। इस तरह सड़कों की विशेष मरम्मत और पेंचवर्क पर कुल 2,81,51000 रुपये खर्च होने हैं। उन्होंने बताया कि 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
विशेष मरम्मत होने वाली सड़कों के नाम
1- मेरठ- करनाल मार्ग से अलाउदीनपुर मार्ग
2- ऊन-थानाभवन मार्ग से जाफरपुुुुर मार्ग
3- शामली कैराना रोड से जगनपुर मार्ग
4- करवाड़ा संपर्क मार्ग
5- बुंटा लिंक मार्ग
6- बंतीखेडा से हाथी करौंदा बिजलीघर मार्ग
7- बाबरी रायपुर पंवार खेड़ा अन्य जिला मार्ग से कैंडी पुल तक
8- ऊन-चौसाना मार्ग से टोडा गंगारामपुर खेड़की व शामली-श्यामला से ऊन मिल
9- कैराना खुरगान सुन्हेटी बरनावी मार्ग
10- दिल्ली- यमुनोत्री मार्ग से इस्लामपुर घसौली मार्ग
11- पानीपत - खटीमा मार्ग से कैराना बाईपास