कैराना। अपनी ताई के साथ खेत पर जा रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को डग्गामार बोलेरो ने कुचल दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से उसके परिवार में मातम पसर गया।
बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे गांव पंजीठ निवासी शमीना मजदूरी पर गेहूं काटने जा रही थी। शमीना के साथ उसके दो बच्चे और देवर फारुख की पांच वर्षीय पुत्री सना भी थी। पानीपत रोड पर जब वह एक बाग के पास पहुंचे तो कैराना की ओर से आए डग्गामार बोलेरो चालक ने सना को टक्कर मार दी। मासूम बच्ची सड़क पर गिरने के बाद बोलेरो के नीचे कुचली गई। सकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
सूचना मिलने पर कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची का शव मौके से उठवाकर कैराना सामुदायिक अस्पताल ले गए। अस्पताल में पहुंची बच्ची की मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। देर शाम तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। उधर, मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डग्गामार वाहन चालकों पर होनी चाहिए प्रभावी कार्रवाई
पानीपत कैराना रूट पर डग्गामार जीपों का संचालन कई साल से हो रहा है। पूर्व में भी डग्गामार वाहनों की वजह से हादसे होते रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी डग्गामार वाहन ने बच्ची की जान ले ली। सवाल यह है कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पाती है? गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलवाया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने भी कैराना में चेकिंग कर 11 डग्गामार वाहनों का चालान किया था, लेकिन उसके बाद फिर से डग्गामार वाहनों का संचालन शुरू हो गया।