दस विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
शामली।
संस्कृत बोर्ड में बुधवार को दोनों पाली में परीक्षा हुई। सुबह की पाली में साहित्य व द्वितीय पाली में सामाजिक विषय और साहित्य की परीक्षा हुई। सभी परीक्षाओं में 83 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे और 73 ने परीक्षा दी। दस परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
शहर के ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में संस्कृत बोर्ड की परीक्षा चल रही है। बुधवार को केंद्र व्यवस्थापक बालगोविंद ने बताया कि सुबह की पाली में पूर्व मध्यमा प्रथम की साहित्य की परीक्षा हुई, जिसमें 20 परीक्षार्थियों में से एक ने परीक्षा छोड़ी, दूूसरी परीक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय की हुई, जिसमें सात में से दो ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, द्वितीय पाली में प्रथमा की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा में 12 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे और दो ने परीक्षा छोड़ी। पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष की साहित्य विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 27 में से चार ने परीक्षा छोड़ी। उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष की साहित्य विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में 17 में से एक ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि सचल दल ने कमरों में परीक्षार्थियों की तलाशी ली।