कैराना (ब्यूरो)। गांव गोगवान निवासी इलियास ने मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी भूमि खसरा संख्या 143 परगना तहसील कैराना में है। आरोप है कि पड़ोस के कुछ किसान उसकी भूमि में सिंचाई के लिए अवैध रूप से नाली का निर्माण कराना चाहते थे, जिस पर तत्कालीन लेखपाल ने सही रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों के समक्ष पेश कर दी थी। इसके बाद निर्माण रोक दिया गया था। आरोप है कि वर्तमान लेखपाल ने आरोपियों से साज करके उसकी अनुपस्थिति में उसकी भूमि की पैमाइश कर विपक्षियों के चक में एक गट्ठा मिला दिया और वहां खड़ी उसकी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करा दिया। मामले में लेखपाल से शिकायत भी की गई तो सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। पीड़ित किसान ने सीएम से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।