तीनों बच्चों को ले गया उनका ताऊ
शामली/बाबरी। बाबरी थानाक्षेत्र के गांव फतेहपुर में मिले तीनों बच्चों को सोमवार को उनका ताऊ आकर अपने साथ ले गया। ताऊ के अनुसार बच्चों की मां तीनों बच्चों को छोड़कर कहीं चली गई है।
शनिवार की रात गांव फतेहपुर में तीन बच्चे लावारिस घूमते मिले थे, जिन्होंने अपने नाम आदित्य, सूरज और बिट्टो बताया था, लेकिन मां-बाप के बारे में वह सही कुछ बता नहीं पा रहे थे। सोमवार को समाचार पत्रों में फोटो छपने पर सोमवार को बाबरी निवासी पप्पू पहुंचा तथा तीनों बच्चों का ताऊ बताया। पप्पू के अनुसार तीनों बच्चे उसके भाई नंदू के है और वह फगवाड़ा पंजाब में भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए गया हुआ है। पप्पू के अनुसार तीनों बच्चों की मां शनिवार को गांव में बच्चों को लेकर पहुंची थी और कुछ देर में आने के बात कहकर चली गई, लेकिन नहीं आई, जिसके बाद बच्चे अपनी मां को खोजते हुए कही गुम हो गए थे। बाद में पुलिस ने तीनों बच्चों को उनके ताऊ की सुपुर्दगी में दे दिया।