शामली। अयोध्या प्रकरण के 25 साल पूरे होने पर बुधवार को हिंदू संगठनों ने राम मंदिर निर्माण की मांग उठाई, तो मुस्लिम संगठनों ने बाबरी मस्जिद फिर से तामीर करने की मांग की। इसके चलते पुलिस भी जिले भर में अलर्ट रही। वहीं, खुफिया विभाग भी जानकारी जुटाता रहा।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने छह दिसंबर पर धारा 144 लागू करते हुए पुलिस को चौकसी बरतने का निर्देश दिया था। वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा ने सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी थी। इसके चलते बुधवार को दिन भर पुलिस अलर्ट रही। कई स्थानों पर पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया। मुजफ्फरनगर मार्ग पर एसटी तिराहे पर आदर्श मंडी थाना पुलिस ने चेकिंग की, तो शहर में अजंता चौक, विजय चौक, फव्वारा चौक और शिव चौक आदि स्थानों पर पुलिस की चौकसी बरतती रही। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया विभाग भी अलर्ट रहा। इतना ही नहीं मुजफ्फरनगर से आईबी (इंटेलीजेंस ब्यूरो) की टीम भी शामली पहुंची तथा अयोध्या प्रकरण को लेकर हुए कार्यक्रमों के साथ ही अन्य गतिविधियों पर नजर रखी गई। टीम ने दिल्ली रोड पर मदरसे में आयोजित सभा के बारे में जानकारी ली कि वहां पर किस तरह के भाषण दिए गए, तो बजरंग दल और विहिप के कार्यक्रमों पर भी पल पल की जानकारी जुटाई गई।