गोंडा में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में जनपद के लोकेश ने दम दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया।
यूपी खेल निदेशालय की ओर से चयनित जिला क्रीड़ा कुश्ती कोच प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला गोंडा के नंदनी नगर में 10 और 11 नवंबर में दो दिवसीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें शामली जनपद से लोकेश चौहान पुत्र ओमवीर सिंह गांव कमालपुर ने प्रतिभाग कर दम दिखाया। 77 किग्रा भार वर्ग में ग्रीको रोमन स्टाइल में आंख पर चोट लगने के बावजूद भी वाराणसी के पहलवान सोनू को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। विजेता पहलवान ने इसका श्रेय अपने गुुुुरु पिंटू पहलवान, कोच प्रदीप कुमार को दिया।
कोच प्रदीप कुमार ने बताया कि छात्र का सीनियर नेशनल कुश्ती के लिए चयन हुआ है। जिसके बाद अब विजेता पहलवान 15 से 18 नवंबर को मध्य प्रदेश के शहर इंदौर में होने वाली नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में यूपी की टीम का प्रतिनिधित्व करेगा। इस दौरान चाचा राजवीर, विनोद, रामकुमार, अशोक, राममेहर, अशोक और प्रमोद ने भी आशीर्वाद दिया।