धान के खेत में रेत से लदा डंपर पलटा
झिंझाना।
गांव केरटू सूबरी मार्ग पर रेत से लदे डंपर के पलटने से राहगीरों में भगदड़ मच गई। चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मंगलवार की सुबह केरटू सूबरी लिंक मांर्ग पर रेत से लदे ओवरलोड डंपर चालक द्वारा सामने आए वाहन को बचाने के चक्कर में डंपर सड़क किनारे चार फुट गहरे धान के खेत में पलट गया। डंपर के पलटते ही ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने अहमदगढ़ पुलिस को सूचना दी। हालांकि कई घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा. जिससे लोगों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त हो गया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है। गौरतलब है कि मानसून सीजन में रेत खनन पर एनजीटी की पूर्ण रोक के बाद भी रेत माफिया द्वारा रेत खनन कर लाया जा रहा है। हालांकि झिंझाना पुलिस को रेत से भरे डंपर दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा माफिया ने मुख्यमार्ग को छोड़कर लिंक मार्ग से डंपरों को निकालना शुरू कर दिया है।
एआरटीओ ने चेकिंग में पकड़े ओवरलोड वाहन
झिंझाना। एआरटीओ ने मुंशीलाल ने मंगलवार को शामली करनाल हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने टीम के साथ रजाक नगर के निकट रेत व डस्ट से भरे नौ ट्रकों को रोककर ओवरलोड होने पर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। मुंशीलाल ने बताया कि गत माह 285 ट्रकों से 36 लाख राजस्व वसूला गया है। ओवरलोड वाहनों को बिल्कुल नहीं छोड़ा जाएगा।
खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट ा
झिंझाना। कस्बे में नगर पंचायत द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइट तीन दिनों से खराब होने पर कस्बे की गलियों में अंधेरा छाया हुआ है। लोगों द्वारा लगातार शिकायत के बाद भी आज तक स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं की गई है। लोगों में नगर पंचायत के प्रति रोष व्याप्त है। स्ट्रीट लाइट के लाइनमैन मौसम अली ने बताया कि लाइन में बिजली लाइन टच होने से फाल्ट आया हुआ है। लाइन ठीक की जा रही है। जल्दी ही चालू करा दी जाएगी।