संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा में 190 विद्यार्थी सम्मिलित हुए जबकि छह विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में हुई। परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट बीएएस राहुल मिश्रा और डीआईओएस सरदार सिंह ने निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
यूपी बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस परीक्षा में हाईस्कूल में 124 और इंटरमीडिएट के 72 विद्यार्थी पंजीकृत थे। शनिवार को सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई। पहली पाली में सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक हाईस्कूल की परीक्षा हुई। कॉलेज प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा में पंजीकृत कुल 124 में 119 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, पांच अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट के दौरान बीएसए राहुल मिश्रा मौजूद रहे।
डीआईओएस सरदार सिंह ने केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 72 विद्यार्थियों में 71 ने परीक्षा दी जबकि एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा।
नि:शुल्क कोचिंग के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देेश पर महामाना शिक्षण संस्थान (भाऊरस देवरस सेवा न्यास लखनऊ) में आर्थिक दृष्टि से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों के लिए पूर्ण आवासीय नि:शुल्क आईआईटी (जेईई)/एनईटी (पीएमटी) कोचिंग के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थी आवेदन कर संस्थान की इस योजना का लाभ ले सकते हैं। संवाद