कांधला। रेलवे रोड राजकीय महिला महाविद्यालय के समीप राजेश सैनी कपड़े की दुकान करता है। इसके साथ ही दुकान पर शादी समारोह में नोट की मालाओं की भी बिक्री होती है। कई दिन पूर्व व्यापारी की दुकान में सेंध लगाकर तीन लाख रुपये की नगदी सहित कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस वारदात का खुलासा करने के बजाय उससे तहरीर बदलने का दबाव बना रही है। ऐसे में पीड़ित व्यापारी ने तंग आकर कस्बे से पलायन करने का मन बना लिया है। व्यापारी ने कई दिन पूर्व सोशल मीडिया पर कस्बे से पलायन किए जाने की चेतावनी भी दी थी। मामले में थाना प्रभारी देवंद्र त्यागी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। व्यापारी के पलायन करने के प्रयास जैसा कोई मामला नहीं है। पुलिस पूरी तरह से व्यापारी की सुरक्षा व वारदात के खुलासे को लेकर गंभीर है।