समाधान दिवस में दर्ज हुईं छह शिकायतें
थानाभवन। शनिवार को थाने में आयोजित समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित छह शिकायतें दर्ज की गई। सभी शिकायतों पर राजस्व विभाग एवं पुलिस की टीमों को भेजकर निस्तारण की कार्रवाई की गई। थाने में नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तितारसी निवासी रामकिशन ने आरोप लगाया कि गांव निवासी एक व्यक्ति उसकी मेड़ तोड़कर कब्जे का प्रयास कर रहा है। जबकि दूसरे पक्ष के वेद प्रकाश ने भी रामकिशन पर मेड़ काटने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सोहजनी उमरपुर निवासी मुकेश और इसरार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मेड़ काटने का आरोप लगाते हुए करवाई की मांग की है। इसके अलावा महमूदगढ़ निवासी जगदीश ने तहरीर देकर बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसकी भूमि पर कब्जा कर रखा है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि सभी शिकायतों पर करवाई करते हुए टीम रवाना की गई है। जांच कर सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाएगा।