अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 87 शिकायर्तें आइं, जिनमें से मात्र पांच का ही निस्तारण हो सका। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा समाधान दिवस में आनेवाली समस्याओं के समाधान में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
डीएम अध्यक्षता में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। फरियादियों की भारी भीड़ के चलते सभागार कक्ष के बाहर लंबी लाइनें लग गई। राशन की कालाबाजारी, सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जों, स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति कराने की मांग सहित विभिन्न 87 शिकायतें आईं, जिनमें से मौके पर मात्र पांच का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायती पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया। डीएम ने निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती पत्रों का संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। कहा कि इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई होगी।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि पुलिस पीड़ित फरियादियों के साथ कुशल व्यवहार करें। कहा कि यदि पुलिस पीड़ित की नहीं सुनती हैं तो वह शिकायत उन्हें करें। मौके पर सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एसडीएम डॉक्टर अमित पाल शर्मा, तहसीलदार रणबीर सिंह, सीओ राजेश कुमार तिवारी, कोतवाली कैराना प्रभारी भगवत सिंह, कांधला थाना प्रभारी सुनील दत्त, चिकित्साधीक्षक डॉ. भानु प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।