विद्युत खंभा झुकने पर घरों में दौड़ा करंट
थानाभवन।
खंभा झुकने के कारण विद्युत लाइन मकान के संपर्क में आ गई, जिस कारण दो घरों में करंट फैल गया। इस बारे में विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
कस्बा थानाभवन में दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से रसीदगढ़ निवासी मार्ग पर जहीर और नफीस का मकान है। उनके घर के आगे से नाला गुजर रहा है, जिसके कोने पर बिजली विभाग ने खंभा लगा रखा है। जहीर ने बताया कि दोनों परिवारों में कुल 15 लोग रहते हैं। सड़क पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण विद्युत खंभा झुक गया है। इस कारण शुक्रवार शाम विद्युत लाइन उनके मकान के संपर्क में आ गई। इससे दोनों घरों में करंट दौड़ गया। परिवार में अफरातफरी मच गई और परिजन घरों से बाहर निकलकर भागे। इसके बाद परिजनों ने खुद ही विद्युत लाइन को मकान से दूर किया और खंभे के आसपास मिट्टी डाली। जहीर ने बताया कि इस संबंध में नगर पंचायत चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
बाइक की टक्कर से चाची-भतीजा घायल
थानाभवन। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी फरमान पुत्र एजाज अपनी चाची गुलशन के साथ रिश्तेदार के यहां थानाभवन में आए थे। जैसे ही वह थाने के पास पहुंचे, तो सामने से आए बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। हादसे में फरमान और गुलशन घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।