कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2018-19 से छात्र-छात्राएं एमएससी वनस्पति विज्ञान की पढ़ाई कर सकेंगे। अभी तक महाविद्यालय में कला और वाणिज्य संकाय में ही पीजी कोर्स की पढ़ाई हो रही है। वनस्पति विज्ञान की पढ़ाई शुरू होने पर क्षेत्र के छात्र छात्राओं को मिलेगा लाभ।
कैराना स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि महाविद्यालय में अभी तक परास्नातक पाठ्यक्रम केवल कला एवं वाणिज्य संकाय में ही उपलब्ध था। ग्रामीण क्षेत्र के इस महाविद्यालय में विज्ञान संकाय में परास्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु दूर नहीं जाना पडे़गा। प्राचार्य डॉ. चमन लाल ने बताया कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के कार्यक्रम रूसा (राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान) और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से इस पाठ्यक्रम को चलाया जा रहा है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ द्वारा नवीन पाठ्यक्रम हेतु संबद्धता प्रदान करने के लिए पैनल गठित कर 26 जून को निरीक्षण करा लिया गया है। जिसकी निरीक्षण आख्या विश्वविद्यालय में जमा हो चुकी है। आशा है कि आगामी कुछ दिनों में नए पाठ्यक्रम को संस्तुति/स्वीकृति मिलते ही प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रारंभ हो जाएंगे। प्राचार्य ने बताया कि विगत दो वर्षों से वाणिज्य संकाय में भी एमकॉम में छात्र प्रवेश से वंचित थे, लेकिन इस वर्ष से एमकॉम में भी प्रवेश हेतु पंजीकरण हो रहे हैं।