गांव लांक के दो छात्रों ने शामली के सरस्वती इंटर कॉलेज में दाखिला न करने पर डीएम और डीआईओएस से शिकायत की है। आरोप है कि उन्हें प्रधानाचार्य ने सीटों का फुल होना बताते हुए टरका दिया है। जबकि जान पहचान के छात्रों के दाखिले किए जा रहे हैं।
शनिवार को गांव लांक के छात्र विपिन, दीपक ने सरस्वती कॉलेज में कक्षा-9 में दाखिला न करने पर डीएम और जिला विद्यालय निरीक्षक को शिकायत की है। बताया कि छात्र कई दिन से कॉलेज में आवेदन फार्म लेने के लिए भटक रहे हैं। उन्हें हर रोज प्रधानाचार्य कॉलेज में सीटें भरी होने का हवाला देते हुए दाखिला न करने की बात कहता है। छात्रों ने बताया कि जब उनसे कॉलेज के उच्चाधिकारियों का फोन नंबर मांगा गया तो उन्हें हड़का दिया और कॉलेज से बाहर निकाल दिया। नए सत्र को केवल पांच दिन ही शुरू हुए हैं। इतनी जल्दी सीटें कैसे भर सकती हैं। आरोप है कि कॉलेज में जान पहचान के लोगों के बच्चों के दाखिले अभी तक किए जा रहे हैं।
छात्रों ने डीआईओएस चंद्रशेखर व जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह से उनका कॉलेज में दाखिला कराते हुए प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने बताया कि परीक्षा के दौरान गांव लांक के सरस्वती स्कूल में दाखिले के लिए आवेदन फार्म भिजवाए गए थे। उस समय एक छात्र ने फार्म भरा था। जिसका टेस्ट लिया गया था। वह टेस्ट में फेल हो गया। जिस कारण उसका दाखिला नहीं हो सका। वहीं कॉलेज में कक्षा-9 में सीटें भरी जा चुकी हैं। जिस कारण उसे आवेदन फार्म नहीं दिया गया।