कांधला (शामली)। कर्ज में डूबने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले किसान के घर पहुंचकर नायब तहसीलदार ने जांच की। परिवार के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। कस्बा एलम निवासी किसान हरेंद्र ने कर्ज में डूबने के कारण मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिवार के लोगों ने कानूनी कार्रवाई कराने से मना कर दिया था। इसके चलते परिजनों ने मृतक किसान का अंतिम संस्कार कर दिया था।
शुक्रवार को डीएम के आदेश के बाद नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने कस्बा एलम में पहुंचकर परिवार के लोगों से वार्ता की। किसान के बेटे रोहित ने बताया कि उसके पिता ने बैंक से ऋण लिया हुआ था, जो जमा नहीं हो पा रहा था। इसके अलावा उसके पिता ने लॉटरी भी डाल रखी थी, जिसमें कुछ लोगों ने उनके साथ धोखा कर दिया था। इसी वजह से उसके पिता मानसिक तनाव में रहते थे। इसकी शिकायत पूर्व में भी पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इसी कारण उसके पिता ने आत्महत्या कर ली। नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि किसान के परिवार के लोगों से मिलकर व कस्बे के लोगों सहित बैंक से अन्य जानकारी जुटा ली गई है। जल्द ही जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। उधर, किसान की मौत के कारण दूसरे दिन भी पीड़ित परिवार के लोग सदमे में रहे।