अस्पताल के इमरजेंसी रूम में घुसकर डाक्टरों पर जानलेवा हमला करने के मामले से डाक्टरों में आक्रोश है। इस संबंध में शुक्रवार को अस्पताल के डाक्टरों ने पहले सीएमओ से मुलाकात की और उसके बाद एसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की।
सरकारी अस्पताल में बुधवार की रात तीन लोगों ने इमरजेंसी में तैनात डाक्टर दीपक से फर्जी मेडिकल कराने का दबाव बनाया था। डाक्टर के मना करने पर आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया था। बीचबचाव करने आए अस्पताल के स्टाफ के साथ भी मारपीट की थी। महिला स्टाफ के साथ अभद्रता की थी। बाद में लोगों ने पकड़कर आरोपी अशोक, राकेश और जयवीर को पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया था। उधर, इस घटना से डाक्टरों में रोष है। शुक्रवार को डाक्टर दीपक, एसीएमओ नेतराम, डाक्टर रामनिवास और अस्पताल का अन्य स्टाफ सीएमओ डाक्टर राजकुमार से मिला और मामले में सुरक्षा की मांग की। इसके बाद सीएचसी प्रभारी डाक्टर रमेश चंद्रा और पूर्व सीएचसी प्रभारी डाक्टर जगमोहन एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा से मिले। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। एसपी ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पूर्व सीएचसी प्रभारी डाक्टर जगमोहन ने बताया कि इस संबंध में डाक्टरों की बैठक एक जनवरी को आयोजित की जाएगी। जिसमें इस प्रकरण के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।