हादसे के जिम्मेदारों पर दर्ज हो हत्या का मुकदमा
गढ़ीपुख्ता (शामली)। जैन मिलन गढ़ीपुख्ता और पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल के लोगों ने खतौली ट्रेन हादसे को लेकर दुख प्रकट किया। सभी ने शोक सभा आयोजित कर मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द ठीक होने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने रेलमंत्री से लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त कराने की मांग की।
शनिवार शाम खतौली में हुए ट्रेन हादसे को लेकर जैन मिलन ने दुख व्यक्त किया। अध्यक्ष श्रीपाल जैन के आवास पर सदस्यों ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्रीपाल जैन ने रेलवे मंत्री से सभी जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों, कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग की। इस दौरान श्रीपाल जैन, नीरज जैन, मिट्ठन लाल, विपुल जैन, ऋषभ जैन, अजय जैन शामिल रहे।
उधर, श्रीरामलीला कमेटी के मुख्य संरक्षक नरेश सैनी ने भी शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की। नीरज जैन, राजबीर सैनी, चरण सिंह, मैनपाल सैनी, नरेंद्र गोयल, नरेश गिरि, श्रीपाल सैनी, अनिलदीप आदि मौजूद रहे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में राजेंद्र शर्मा के प्रतिष्ठान पर शोक व्यक्त किया गया। जिला उपाध्यक्ष नीरज जैन, राजेंद्र शर्मा, नीरज जैन, टेकचंद मित्तल, नरोत्तम गर्ग, मिट्ठन लाल जैन, राहुल मित्तल, अनिल गोयल, पंकज कौशिक, सतीश गर्ग, नरेश गोयल, छत्रपाल आदि उपस्थित रहे।