फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

18 घंटे मिल रही बिजली, कैसे चलें उद्योग 

Sat, 22 Apr 2017 12:44 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित मीटिंग में मौजूद व्यापारी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
शामली। जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने बिजली कटौती को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को महज 17 से 18 घंटे बिजली आपूर्ति मिल रही है, ऐसे में उद्योग धंधों के संचालन में मुश्किल पैदा हो रही है। इसके अलावा कैराना में पानीपत रोड पर कोयला चोरी सहित कई समस्याएं उठाई गईं, जिनका जिलाधिकारी ने समाधान कराने का आश्वासन दिया। 
विज्ञापन


शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी सुजीत कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र को 24 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश शासन ने दे रखा है, लेकिन शामली जिले में इसका पालन नहीं हो रहा। इस पर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ने जवाब दिया कि स्थानीय फाल्ट के कारण विद्युत कटौती के अलावा लखनऊ कंट्रोल के आदेश पर बिजली कट रही है। उसमें सुधार कराया जाएगा। उद्यमियों ने कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में बीएसएनल की इंटरनेट सेवा वाई मैक्स पूरी तरह खराब होने की समस्या उठाई, जिस बीएसएनएल के एसडीओ ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में एक्सचेंज का निर्माण एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएगा, जिसके बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी। 

वहीं, वाणिज्य कर विभाग द्वारा टैक्स रिफंड करने में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उद्यमियों ने बताया कि तीन-तीन साल से टैक्स रिफंड नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर एके दोहरे को निर्देश दिया कि टैक्स रिफंड 30 दिन के भीतर होना चाहिए। सूची बनाकर ऐसे मामलों को शीघ्रता से निस्तारण किया जाए। उद्यमियों ने कहा कि पानीपत से आने वाले कोयला से लदे ट्रकों में से कैराना में कोयला चोरी होता है और पानी छिड़क दिया जाता है। इस कार्य में बड़ा नेटवर्क जुड़ा हुआ है। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कार्रवाई करने का निर्देश दिया। 
विज्ञापन


कंडेला औद्योगिक चौकी को रिपोर्टिंग चौकी बनाने की मांग भी रखी गई तथा कंडेला स्थित फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा कराने की मांग की गई। मीटिंग के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों की समस्या का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान आईआईए चेयरमैन नरेंद्र अग्रवाल, संरक्षक जेके जैन, अशोक गोयल, प्रवीण गोयल, अंकित गोयल, आलोक जैन, आशीष, प्रविंद्र, मयंक जैन, विपुल आदि मौजूद रहे। 

व्यापार बंधु मीटिंग में उठा नाला सफाई का मुद्दा
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को व्यापार बंधु की मीटिंग में शहर के बीच से गुजर रहे नाला की सफाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि नाले की सफाई नहीं हो रही, जिस कारण आने वाले बरसात के दिनों में शहर जलभराव की चपेट में आ जाएगा। वहीं, कैराना बस अड्डे पर पार्किंग व्यवस्था कराने, रोडवेज बस अड्डा स्थानांतरित कराने, शादियों में देर रात तक डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाने, साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज छोड़ने वाली बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई कराने, शुगर मिल से हो रहे वायु प्रदूषण से मुक्ति दिलाने, दयानंदनगर में पेयजल आपूर्ति ठीक कराने, रेलवे रोड के मंडी व्यापारियों को नवीन मंडी में शिफ्ट कराने सहित कांधला से आए व्यापारियों ने भी कई समस्याएं उठाई। इन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान व्यापारी नेता घनश्यामदास गर्ग, अंकित गोयल, सुभाष धीमान, रवि संगल, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें