रेलवे अंडरपास में जलभराव, लोग परेशान
थानाभवन। रेलवे की लापरवाही के कारण क्षेत्र अंडरपास क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। जैसे ही बरसात होती है, तो रेलवे अंडरपास में जलभराव हो जाता है और आवागमन बाधित हो जाता है। मंगलवार को भी क्षेत्र के रेलवे अंडरपास से आवागमन बाधित रहा।
कस्बा थानाभवन के किसान इंटर कॉलेज मार्ग स्थित अंडरपास से होते हुए रसीदगढ़, नौजल, नौजली गांव और शाहविलायत अंडरपास से हसनपुर, मनट, मंटी, यारपुर, खानपुर तथा ऊन मार्ग स्थित अंडरपास से मानकपुर आदि गांवों के लिए रास्ता जाता है। बारिश होने से इन अंडरपास में पानी भर गया है। तीन फुट तक पानी भरने से आवगमन ठप है। रसीदगढ़ क्षेत्र के लोग जहां शुगर मिल से होते हुए करीब दस किमी का चक्कर काटकर थानाभवन पहुंच रहे हैं, तो बाकी गांवों के लोगों को एक से डेढ़ घंटा लग रहा हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ, जब भी बरसात होती है, तो रेलवे के अंडरपास जलमग्न हो जाते हैं। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा के साथ ही जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी भी इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों को पत्र भेज चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। गांव मंटी हसनपुर के प्रधान रजनीश सैनी के अलावा सुभाष कुमार राधेश्याम, विनोद कुमार आदि का कहना है कि अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। शिकायत के बाद अधिकारियों ने एक दो बार तो पानी निकलवाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।