शामली। जिला पंचायत सदस्य वार्ड 10 के उपचुनाव के लिए मंगलवार को तीन और प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा कराए। अब तक चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा करा दिए हैं, जिनमें से एक प्रत्याशी ने दो सेट जमा कराए हैं। नामांकन पत्र जमा कराने के लिए बुधवार को अंतिम दिन है।
जिला पंचायत सदस्य वार्ड 10 का पद रिक्त होने पर उपचुनाव होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आठ अगस्त तक ही नामांकन पत्र जमा होने हैं। मंगलवार को वरीसा पत्नी इनाम निवासी गांव भूरा, नूरजहां पत्नी मोहम्मद सलीम निवासी इस्सोपुर खुरगान ने एक-एक सेट नामांकन पत्र का जमा कराया, जबकि मलिखा पत्नी अब्बास निवासी गांव भूरा ने दो सेट रिटर्निंग ऑफिसर अपर जिलाधिकारी केबी सिंह और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुमार भारती के समक्ष जमा कराए। वहीं, सोमवार को परवीन पत्नी डाक्टर अनीस ने नामांकन पत्र जमा कराया था। इस लिहाज से अब तक जिला पंचायत सदस्य के लिए चार प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र जमा कराए जा चुके हैं। उप चचुनाव के लिए 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे थे, जिनमें दो प्रत्याशियों ने दो-दो सेट खरीदे थे।
अहसान प्रधान की भाभी होगी भाजपा समर्थित प्रत्याशी
शामली। जिला पंचायत सदस्य वार्ड 10 के उपचुनाव में भाजपा नेताओं की तरफ से समर्थित प्रत्याशी उतारने पर फैसला हो गया है। मंगलवार को कैराना स्थित मायापुर फार्म पर भाजपा नेता मृगांका सिंह द्वारा गुड्डी पत्नी अलीशान (अहसान प्रधान की भाभी) निवासी ग्राम भूरा को समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस दौरान दौरान चौधरी रामपाल सिंह, सदस्य जिला पंचायत अनुज चौहान, सतपाल भूरा, अहसान प्रधान भूरा, दाउद प्रधान सुन्हैटी, सुरेंद्र प्रधान जन्धेडी, हुकम प्रधान पठेड़, मुन्शाद प्रधान दभेड़ी, राजकुमार चौहान, अकरम प्रधान बसेड़ा, मास्टर ओमप्रकाश, फरमान प्रधान अलीपुर, अर्पित खुरगान, जाहिद हसन, राजदीप चौहान, कृष्ण मित्तल आदि उपस्थित रहे।