स्टंट करने वाले बाइकर्स पर रहेगी पुलिस की नजर
शामली। ईद उल फितर के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था के साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली आपूर्ति दुरुस्त रहेगी। इसके साथ ही ऐसे युवकों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, जो बाइकों से स्टंट करते हैं। ऐसे युवकों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और त्योहार के बाद कार्रवाई होगी।
बुधवार को शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में ईद-उल फितर के त्योहार के मद्देनजर शांति समिति की जिला स्तरीय बैठक हुई। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी सप्लाई और सफाई की समुचित व्यवस्था करा ली जाए। ईद की नमाज के दौरान सूकर को बाडे़ में बंद रखवाने के लिए पशु पालकों को नोटिस जारी किए जाएं। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के मौके पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण मनाया जाए। यदि कोई व्यक्ति खुराफात करने की कोशिश करेगा या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशी में बाइकों से स्टंट करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। यदि बाइकर्स कहीं पर भी स्टंट करते हैं, तो उनकी वीडियोग्राफी कराएंगे। त्योहार के बाद ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी केबी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उपजिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य, सीओ अरविंद सिंह राठौर, सीओ अशोक कुमार सिंह, एसडीएम विनोद कुमार सिंह, सीओ राजेश तिवारी, नगरपालिका कैराना चेयरमैन हाजी अनवर हसन, नगर पंचायत ऊन चेयरमैन कुलदीप मान, झिंझाना चेयरमैन नौशाद ठेकेदार के अलावा अनिल कुमार उपाध्याय, अमित विश्वकर्मा, नरेश सैनी, सहित ग्राम प्रधान तथा गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि ईद के त्योहार पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ ही मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की गई है। इसी के चलते शामली कोतवाली क्षेत्र में तहसीलदार अभयराज पांडे, आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार अत्री, बाबरी थाना क्षेत्र में डाक्टर राजेश कुमार मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कैराना कोतवाली क्षेत्र में तहसीलदार रणधीर सिंह, कांधला क्षेत्र में बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराधा शर्मा, झिंझाना थाना क्षेत्र में अधिशासी अभियंता जवाहर सिंह, गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में एआर कॉपरेटिव संजीव तिवारी, चौसाना चौकी क्षेत्र में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रसवराम और बीडीओ ऊन विपिन राठी को ऊन में मजिस्ट्रेट के रूप में थाना प्रभारी के साथ तैनात किया गया है। इनके अलावा सभी उपजिलाधिकारी एवं सीओ अपने अपने क्षेत्र में ईद उल फितर त्योहार पर शांति व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे।