मेपल्स एकेडमी मेें आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले दिन बड़ौत की टीम ने सहारनपुर की टीम को सात विकेट से हराकर जीत हासिल की। हर्षित की घातक गेंदबाजी की बदौलत बड़ौत टीम ने अपना मैच जीता।
शनिवार को सहारनपुर रोड स्थित मेपल्स एकेडमी में अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्रधानाचार्य कृपाल सिंह ने किया। उन्होंने टीमों के खिलाड़ियों से परिचय करते हुए मेहनत और लगन से खेलते हुए जीत हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कोच सन्नी सिंह ने बताया कि पहले दिन का मुकाबला सहारनपुर और बड़ौत की टीम के बीच हुआ। जिसमें सहारनपुर की टीम ने टॉस जीतते हुए पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बड़ौत की टीम ने 142 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
बड़ौत की ओर से सर्वाधिक 35 रन कप्तान आसिफ ने बनाए। सहारनपुर के अक्षित ने चार विकेट लिए। वहीं, बल्लेबाजी करने उतरी सहारनपुर की टीम मात्र 135 रन बनाकर सिमट गई। जिसके चलते बड़ौत ने यह मैच सात विकेट से जीत लिया। सहारनपुर की ओर से सर्वाधिक 53 रन राहुल राठौर ने बनाए। बड़ौत की टीम के खिलाड़ी हर्षित ने पांच विकेट लिए और टीम को जीत दिलाई। मैच का मैन ऑफ दा मैच हर्षित को दिया गया। प्रधानाचार्य कृपाल सिंह ने हर्षित को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।